राजेंद्र पटेल
पिपरिया। ट्रेन में सफर के दौरान महिला यात्री का लेडीज हैंडबैग चोरी करने के मामले में जीआरपी थाना गाडरवारा पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया आईफोन और चार्जर सहित 84,800 रुपए का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार भोपाल निवासी फरियादिया जोया खान 13 नवंबर 2026 को ट्रेन नंबर 12191 श्रीधाम एक्सप्रेस के कोच ए-2 की बर्थ नंबर 18 पर भोपाल से जबलपुर की यात्रा कर रही थीं। इस दौरान सोते समय सीट पर रखा उनका हैंडबैग चोरी हो गया था। बैग में आईफोन चार्जर, ईयरबड्स, घड़ी और अन्य दस्तावेज सहित कुल 88,900 रुपए का सामान था। शिकायत पर जीआरपी गाडरवारा में अपराध क्रमांक 491/26 धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान 23 नवंबर को पुलिस ने सूर्यांश वैष्णव (21), निवासी सतीश टॉकीज के पीछे, थाना कोतवाली नरसिंहपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी ट्रेनों में कोच अटेंडर का कार्य करता था। उसके कब्जे से आईफोन और चार्जर बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से शेष सामान एवं अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल आशुतोष मिश्र के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक एलपी झारिया के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। कार्रवाई में जीआरपी गाडरवारा, पिपरिया चौकी पुलिस, साइबर सेल जबलपुर एवं रेल रक्षा समिति के सदस्य का योगदान रहा। सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।










