राजेंद्र पटेल
पिपरिया। संदीपनि शासकीय आरएनए उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को प्लास्टिक मुक्त भारत एवं स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। प्राचार्य संजीव कुमार दुबे एवं वरिष्ठ शिक्षक मनीष कुमार जैन के मार्गदर्शन में आयोजित रैली के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स ने नागरिकों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। कैडेट्स ने बाजार क्षेत्र में दुकानदारों एवं नागरिकों को प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े और कागज के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। रैली भारत माता की जय और ‘हम सबने यह ठाना है, देश को स्वच्छ बनाना है’ जैसे नारों से गूंजती रही। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी एसओ देव कुमार एवं 13 एमपी बटालियन के हवलदार विजय कुमार उपस्थित रहे। एनसीसी कैडेट्स सैन्य प्रशिक्षण एवं अनुशासन की शिक्षा प्राप्त कर देशसेवा के प्रति गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।










