राजेंद्र पटेल +916260473061
पचमढ़ी। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव शर्मा के छिंदवाड़ा और पचमढ़ी स्थित सरकारी आवासों पर शनिवार सुबह लोकायुक्त भोपाल की दो टीमों ने एक साथ छापेमार कार्रवाई की। सुबह 7 बजे शुरू हुई जांच में अब तक 23 लाख रुपए नकद और करीब 700 ग्राम सोने के जेवर सहित होटल-रिसॉर्ट से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार पचमढ़ी में और डीएसपी अजय मिश्रा छिंदवाड़ा में जांच का नेतृत्व कर रहे हैं। संजीव शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। छिंदवाड़ा के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित मकान में दो अलमारियां बंद मिली हैं, जिनकी चाबियां संजीव शर्मा के पास बताई जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में पचमढ़ी, छिंदवाड़ा और होशंगाबाद में होटल, रिसॉर्ट, प्लॉट और दुकानों से जुड़ी संपत्तियों की जानकारी भी सामने आई है। बैंक खातों और निवेश की जांच जारी है।










