राजेंद्र पटेल
पिपरिया। पिपरिया के समीप ग्राम खापड़खेड़ा में सोमवार सुबह एक 54 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान ओमकार उर्फ गोटू पटेल (54 वर्ष), निवासी खापड़खेड़ा के रूप में हुई है। थाना उपनिरीक्षक मानिक सिंह बट्टी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। बताया गया कि ओमकार रविवार रात अपनी चाय की दुकान पर सोने गया था। वहीं ग्रामीण मुकेश पटेल के अनुसार रात करीब 12:19 बजे नदी पार खेत में धान की रखवाली के दौरान मारो-मारो की आवाजें सुनाई दी थीं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए पिपरिया शासकीय अस्पताल भेजा जा रहा है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्षी के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।










