राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। पिपरिया रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर करीब 3 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब अलीगंज निवासी 45 वर्षीय पटवारी अजय धाकड़ पिता नारायण सिंह धाकड़ ने ट्रेन की चपेट में आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। अजय धाकड़ छातेर में पटवारी के पद पर पदस्थ बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
इधर, घटना के कुछ देर बाद जब परिजनों ने अजय धाकड़ के दोनों बच्चों की तलाश शुरू की तो उनकी कार में दो मासूम बेटों शिवम और समर्थ के शव मिलने से पूरा मामला और गहरा गया। एक ही परिवार से जुड़ी इस घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और पटवारी द्वारा आत्महत्या किए जाने के पीछे क्या वजह रही, पुलिस इन सभी बिंदुओं को जांच के दायरे में लेकर आगे बढ़ रही है।
पिपरिया एसडीओपी आशीष कुमार पवार ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है और पुलिस मौके पर पहुंची है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










