राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। मेले में अव्यवस्थाओं और संदिग्ध झूलों को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद नवागत कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आशीष वशिष्ठ तथा पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस. ठोटा ने सोमवार को पिपरिया पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला स्थल का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संदिग्ध पाए गए झूलों को बंद कराया। साथ ही मेला संचालन की समय-सीमा रात 10 बजे तक निर्धारित की गई।
इसके बाद कलेक्टर और एसपी दशहरा मैदान पहुंचे, जहां मंगलवार को होने वाले दशहरा पर्व और 55 फीट ऊंचे रावण दहन की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन समितियों एवं नगर पालिका के प्रतिनिधियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली तथा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने मीडिया से कहा कि मेले की व्यवस्थाओं को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। मंगलवार को दशहरा पर्व को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है।










