राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया की होनहार बेटी कुमारी सोनाली सोडाणी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से शहर का गौरव बढ़ाया है। चिरायु मेडिकल यूनिवर्सिटी, भोपाल के एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशनल पैरामेडिकल पाठ्यक्रम में अध्ययनरत सोनाली ने डिप्लोमा इन ऑप्टोमेट्री एंड रिफ्रैक्शन (DOR) द्वितीय वर्ष (2025-26) में प्रथम रैंक प्राप्त की।
इस उपलब्धि पर कॉलेज प्रबंधन ने सोनाली को सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस देकर सम्मानित किया। यह सम्मान चिरायु चैरिटेबल फाउंडेशन के प्रेसिडेंट डॉ. अजय गोयनका, कॉलेज के डीन डॉ. आशुतोष मंगलगिरी तथा मेडिकल सुपरिंटेंडेंट एवं नेत्र विभाग की प्रमुख डॉ. अलका श्रीवास्तव ने विश्व फिजियोथैरेपी डे के अवसर पर भोपाल में प्रदान किया।
सोनाली ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना ऑप्टोमेट्री के क्षेत्र में बेहतर सेवाएं देते हुए आंखों की जांच और उपचार के क्षेत्र में अपना करियर बनाना है।
सोनाली के पिता श्याम सोडाणी पिपरिया के सिविल अस्पताल में वरिष्ठ नेत्र रोग एवं चिकित्सा सहायक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी बेटी की इस सफलता से पिपरिया सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।










