राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। जिला न्यायाधीश के आदेश पर मंगलवार सुबह पिपरिया-बनखेड़ी-बरेली मार्ग के सिलारी चौक पर मोबाइल कोर्ट लगाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अखिलेश चांडक की मौजूदगी में कुल 47 प्रकरणों में 37,900 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इनमें थाना पुलिस के 12 प्रकरणों में 5,200 रुपए, यातायात पुलिस के 11 प्रकरणों में 4,900 रुपए तथा न्यायिक कार्रवाई के 24 प्रकरणों में 27,800 रुपए की राशि शामिल है।
जांच के दौरान बिना हेलमेट, लाइसेंस, बीमा और सीट बेल्ट सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई। अधिवक्ता संघ अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नागवंशी, शिक्षक, बीएलओ और एमपीईबी के वाहनों पर भी नियम उल्लंघन मिलने पर जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई में पुलिस एवं यातायात टीम सक्रिय रही। अधिकारियों ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की।










