राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
नर्मदापुरम जिला पुलिस लाईन में 28 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय ग्राम रक्षा समिति सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 250 सदस्यों ने भाग लिया। जिले के विभिन्न थानों से चयनित करीब 450 ग्राम सभा सदस्यों में से यह सदस्य सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करना और कानून-व्यवस्था में जनसहभागिता बढ़ाना रहा।
सम्मेलन में विशेष रूप से महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया, जिससे ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। ग्राम रक्षा समितियां मेलों, त्योहारों, विवाह समारोहों एवं अन्य आयोजनों के दौरान सतर्क निगरानी रखकर पुलिस को सूचना देने का कार्य करेंगी।
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा ने सदस्यों को पुलिस और जनता के बीच सेतु बनकर कार्य करने का संदेश दिया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने भी सहयोग और सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में सदस्यों को किट वितरित कर उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
सम्मेलन का आयोजन रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










