राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र में विवाह समारोह के दौरान हुए हत्या और हमले के मामले में पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी लोकेश कीर को गिरफ्तार कर लिया है। 19 अप्रैल 2026 को ग्राम नाहरकोला में आयोजित एक शादी समारोह में पुरानी रंजिश के चलते अमर सिंह कीर और उसके बेटे लोकेश कीर ने विवाद के दौरान दौलतराम कीर सहित चार लोगों पर डंडे और चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल दौलतराम की अस्पताल में मौत हो गई थी।
घटना के बाद पुलिस जब आरोपियों को पकड़ने पहुंची, तब लोकेश ने एक आरक्षक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया और फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया और लोकेश पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 25 अप्रैल की रात को कोलगांव के जंगलों में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।










