राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खापरखेड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए आटा चक्की की दुकान से गांजा जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्ण एस. थोटा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन व एसडीओपी मोहित कुमार यादव के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
23 अप्रैल 2026 को कस्बा पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खापरखेड़ा निवासी कौशल पटेल की आटा चक्की पर अवैध रूप से गांजा बेचा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान में मौजूद रामलाल केवट (27) निवासी खापरखेड़ा को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 174 ग्राम गांजा और 700 रुपये नगद बरामद हुए, जो गांजा बिक्री से अर्जित बताए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में रामलाल ने बताया कि वह कौशल पटेल के लिए कमीशन पर गांजा बेचता था। इसके आधार पर कौशल पटेल को भी आरोपी बनाया गया है, जिसकी तलाश जारी है।
कार्रवाई में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।










