राजेंद्र पटेल 6260473061
नर्मदापुरम। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए सोहागपुर पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई के दौरान करीब 30 से 40 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा लगभग 2500 से 3000 लीटर महुआ लहान मौके पर नष्ट किया गया।
कार्रवाई में संध्या बाई (56), रेखा बाई (40), दोनों निवासी बंगाली कॉलोनी सोहागपुर, रिंकू राय (27) निवासी नया खेड़ा तथा कौशल्या बाई (32) निवासी बंगाली कॉलोनी नया खेड़ा के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस एवं आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










