राजेंद्र पटेल सहसंपादक
पिपरिया। ग्राम जमाड़ा में स्वामित्व रजिस्ट्री का काम करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से खत्म करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पिपरिया थाना पुलिस ने फरियादी पटवारी मोहित वर्मा की शिकायत पर आरोपी वीरेंद्र पटेल और उसके पिता मनोहरलाल पटेल के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 132, 121(1), 296(बी) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पटवारी मोहित वर्मा 26 अक्टूबर की सुबह करीब 9.26 बजे तहसीलदार के आदेश पर ग्राम जमाड़ा में स्वामित्व रजिस्ट्री के कार्य से पहुंचे थे। इसी दौरान प्लाट की ई-केवाईसी और प्रक्रिया को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि मनोहरलाल ने गाली-गलौज करते हुए पटवारी की कॉलर पकड़ ली, जबकि उसके बेटे वीरेंद्र ने थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की।
फरियादी का आरोप है कि दोनों ने उसे गांव छोड़कर जाने और दोबारा रजिस्ट्री के लिए आने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। घटना के दौरान रोजगार सहायक रामकुमार पूर्विया और देवेंद्र कुमार लोधी भी मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










