राजेंद्र पटेल +916260473061
पिपरिया। शारदीय नवरात्रि के समापन के बाद बुधवार को पिपरिया में नवदुर्गा उत्सव समितियों द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमाओं का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विसर्जन किया गया। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से ढाई सौ से अधिक प्रतिमाएं नर्मदा तट पहुंचीं। ढोल-ताशे, डीजे और मां के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने चल समारोह के रूप में प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक पहुंचाया। विभिन्न झांकियों ने भी आकर्षक प्रस्तुति दी। भारी प्रतिमाओं को क्रेन की मदद से नर्मदा तट तक पहुंचाया गया।
विसर्जन के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी, राजस्व विभाग के कर्मचारी और कोटवार तैनात रहे। इसी दौरान दो युवकों के डूबने की स्थिति में नगर के होमगार्ड जवान खड़गराम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बचा लिया, जिसकी लोगों ने सराहना की। देर रात तक विसर्जन का दौर जारी रहा। जगह-जगह भंडारे और प्रसादी का आयोजन भी किया गया।










