राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
शराब ठेका संचालक समेत 5 आरोपी बनाए गए, थाना प्रभारी लाइन हाजिर और प्रधान आरक्षक हो चुके निलंबित
पिपरिया। 7 लीटर शराब को लेकर रामनगर कॉलोनी निवासी ब्रजेश कहार के साथ कथित मारपीट के मामले में स्टेशन रोड थाना पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद प्रकरण में अपहरण की धारा भी जोड़ी गई है। वहीं शराब ठेका संचालक अटल राय समेत कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार 27 सितंबर को 7 लीटर शराब के मामले को लेकर ब्रजेश कहार के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत सामने आई थी। शिकायत के बाद स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रविवार 25 अक्टूबर को प्रकरण में अपहरण की धारा बढ़ाई गई।
मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्टेशन रोड थाना प्रभारी मदन पवार को लाइन हाजिर कर दिया था, जबकि प्रधान आरक्षक रवीश बोहरे को निलंबित किया गया। प्रकरण में शराब ठेके से जुड़े कर्मचारी रोहित, गब्बर, राजू और शशि के साथ शराब ठेका संचालक अटल राय को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस द्वारा प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस द्वारा कही गई है।









