राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 28 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियान के तहत थाना स्टेशन रोड पिपरिया पुलिस ने शुक्रवार को दोपहर 3 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तरोंन कला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बघेल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह कुशवाहा, प्रधान आरक्षक प्रकाश सिंह चौहान एवं आरक्षक प्रभाकर ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने के महत्व को समझाया।
विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, वाहन चलाते समय सावधानी और यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।










