राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। सांदीपनि शासकीय आरएनए उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया में गुरुवार दोपहर 12 बजे से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में प्राचार्य संजीव कुमार दुबे, मुख्य अतिथि पार्षद देवेश दुबे, वरिष्ठ शिक्षक मनीष जैन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्राचार्य संजीव कुमार दुबे ने गांधीजी एवं शास्त्रीजी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद एनसीसी अधिकारी देव कुमार के नेतृत्व में कैडेटों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। माइक संचालन एवं स्वच्छता विषयक प्रश्नोत्तर राजकिशोर पटेल ने कराया। प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों एवं प्राचार्य ने पेन वितरित किए। वहीं सफाई कर्मियों पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया गया। अंत में एनसीसी अधिकारी ने कैडेटों को स्वच्छ भारत अभियान के प्रति निरंतर जागरूकता फैलाने का मार्गदर्शन दिया।










