राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव के बुधवार को पिपरिया पहुंचने पर विरोध और स्वागत दोनों देखने को मिले। यादव के सनातन धर्म और सवर्ण समाज को लेकर पूर्व में दिए गए कथित बयानों के विरोध में करणी सेना और सबल समाज के कार्यकर्ताओं ने पचमढ़ी रोड पर काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन किया।
वहीं, भीम सेना के कार्यकर्ताओं ने सुबह करीब 11 बजे दामोदर यादव का पिपरिया पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया।
मीडिया से चर्चा में दामोदर यादव ने कहा कि वे सनातन धर्म के विरोधी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई धर्म का चोला पहनकर किए जाने वाले पाखंड के खिलाफ है। यादव ने कहा कि जब तक इस पाखंड को खत्म नहीं किया जाएगा, तब तक वे माला नहीं पहनेंगे।
इधर, कल्लू खापा तिराहे पर पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए स्थिति को संभाला और प्रदर्शन को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस की सूझबूझ से किसी अप्रिय स्थिति को टाल दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।










