राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पिपरिया के बल्लभ सुखधाम से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। सुसज्जित रथ पर विराजमान कृष्ण लला के मनमोहक दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती शोभायात्रा का अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। दुर्गा मंदिर धार्मिक न्यास की ओर से अरविंद राय, शंकर आशीर्वाल एवं अन्य सदस्यों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। मंगलवार चौराहे पर विधायक ठाकुरदास नागवंशी, पूर्व जिला अध्यक्ष माधव दास अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष नीना नवनीत नागपाल, राकेश पालीवाल, मंडल अध्यक्ष बलराम ठाकुर, मुकेश खटीक, शिशिर हुरकट, प्रेम नारायण भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शोभायात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, झांकियां और भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में भक्तों ने जय श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया और नगर में जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया।










