राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया में व्यापारी सचिन जायसवाल से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने और दुकान पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने संगठित गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 15 मई 2026 को सचिन इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक सचिन जायसवाल को दुकान पर एक बदमाश ने गुलाबी पर्ची देकर “रज्जू पुर्विया की तरफ से गिफ्ट” लिखते हुए फिरौती की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने दुकान पर फायरिंग की। घटना के बाद थाना पिपरिया में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रायसेन निवासी कुख्यात अपराधी आमिर खान को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि बड़वानी जेल में बंद रज्जू पुर्विया के कहने पर जित्तू ठाकुर ने गैंग बनाकर व्यापारियों को डराने की योजना बनाई थी। पुलिस ने जित्तू ठाकुर, आमिर खान और साहिद उर्फ भूरा कबाड़ी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त अंग्रेजी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
मामले में अन्य चार आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वर्ष 2005 से फरार स्थायी वारंटी बीरू उर्फ वीरेंद्र राजपूत को भी गिरफ्तार किया।










