राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पचमढ़ी, नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पचमढ़ी, पिपरिया बफर और देनवा बफर क्षेत्र के पर्यटन गाइडों के लिए 10-11 सितंबर को होटल ग्लेनव्यू, पचमढ़ी में दो दिवसीय गाइड रिफ्रेशर कोर्स सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 167 गाइडों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक संचालक संजीव शर्मा ने किया। प्रशिक्षण में जिम्मेदार पर्यटन, पर्यटन प्रोटोकॉल, वन्यजीव संरक्षण और फर्स्ट एड सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। दूसरे दिन बदकछार क्षेत्र में फील्ड विजिट के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया गया।
समापन सत्र में क्षेत्र संचालक श्रीमती राखी नंदा ने गाइडों को वन्यजीव नैतिकता, प्रकृति संरक्षण और “प्लास्टिक फ्री पचमढ़ी” अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने सभी गाइडों को पर्यटकों के प्रति संवेदनशील रहते हुए सतपुड़ा की जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत के जिम्मेदार दूत बनने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और लाइफ सपोर्ट किट वितरित किए गए।










