राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। नर्मदापुरम जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना स्टेशन रोड पिपरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 4.16 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी मोहित कुमार यादव के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी स्टेशन रोड पिपरिया ने एक विशेष टीम का गठन किया था।
4 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राजा सिलावट नामक व्यक्ति शिव-हनुमान मंदिर, बीजनवाड़ा के पास स्मैक बेचने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.16 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा सिलावट पिता हरनाम सिलावट (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7, कोरीपुरा, पिपरिया के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में विशेष भूमिका: निरीक्षक मदन पवार, स.उ.नि. रेखा मुनिया, आरक्षक अजय चौहान, दुर्गेश गुर्जर, डीएसबी आरक्षक प्रभाकर तथा नगर रक्षा समिति सदस्य अजय सराठे की रही।










