राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के जयप्रकाश वार्ड स्थित नवजोत स्कूल के पास इतवारा बाजार में शनिवार या इससे पूर्व एक सूने मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी शनिवार शाम करीब 5 बजे उस समय लगी जब मकान मालिक मनीष कुमार अपने परिवार के साथ घर लौटे और ताले टूटे तथा सामान बिखरा देखा ।
मनीष कुमार ने बताया कि वह शनिवार को किसी जरूरी काम से बाहर गए थे, जबकि उनके बड़े भाई भी मंगलवार से घर से बाहर थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही डायल-112 और स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और चोरी की घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
स्टेशन रोड थाना पुलिस के अनुसार फरियादी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।










