राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। अमृत हरित महाभियान के अंतर्गत नगरपालिका परिषद पिपरिया द्वारा शुक्रवार दोपहर राईखेड़ी रोड स्थित नवीन पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहर के विशिष्ट नागरिकों के नाम से 1100 पौधे रोपे गए। नगरपालिका ने इस वर्ष कुल 3100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत, सम्मान और उद्बोधन हुआ। स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक गीत प्रस्तुत किए। तेज बारिश के बावजूद कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ और अंत तक बारिश जारी रही।
इस दौरान नगरपालिका की पार्षद अरुणा जोशी के एक बयान ने कार्यक्रम का माहौल गरमा दिया। अपने संबोधन में उन्होंने वर्षों पुराने पेड़ों की कटाई से जुड़ी खबरों का उल्लेख करते हुए कहा कि “मीडिया को आज यह भी दिखाने के लिए बुलाया गया है।” पार्षद की इस टिप्पणी को पत्रकारों ने आपत्तिजनक बताते हुए विरोध जताया।
विवाद बढ़ने पर कार्यक्रम में मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्थिति को सामान्य करने और बयान का आशय स्पष्ट करने का प्रयास किया। हालांकि पत्रकारों ने इसे मीडिया की भूमिका पर अनावश्यक कटाक्ष बताते हुए नाराजगी व्यक्त की।
एक ओर जहां कार्यक्रम का उद्देश्य हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था, वहीं पार्षद की टिप्पणी कार्यक्रम की चर्चा का प्रमुख विषय बन गई। नगरपालिका ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आगामी दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शेष पौधों का भी रोपण किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ठाकुरदास नागवंशी नगर पालिका अध्यक्ष नीना नवनीत नागपाल पार्षद गण जनपद पंचायत के पदाधिकारी नगर पालिका सीएमओ वरिष्ठ नेता नवनीत नागपाल सहित काफी संख्या में जनप्रतिनिधि का उपस्थित देखे गए










