राजेंद्र सिंह पटेल विशेष संवादाता
पचमढ़ी। 7 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले प्रसिद्ध नागद्वारी मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पिपरिया एसडीएम आकिब खान ने पचमढ़ी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) को निर्देश दिए गए हैं तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन रखे जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान मीडिया ने कठिन चढ़ाई वाले मार्गों पर टूटी रेलिंग और बांस-रस्सी के सहारे की गई अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया। इस पर एसडीएम ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।










