राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
नर्मदापुरम और नरसिंहपुर जिले की सीमा पर स्थित दूधी नदी के रास्ते अवैध शराब तस्करी होने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि बनखेड़ी क्षेत्र की शराब दुकानों से शराब लाकर नरसिंहपुर जिले के सालीचौका, बसुरिया, छेनाकछार, लवासर, रहमा, मारेगांव, अर्जुनगांव, खिरिया छोटी, बाबई सहित कई सीमावर्ती गांवों में बेची जा रही है। आरोप है कि तस्कर नदी किनारे के रास्तों का उपयोग कर कार्रवाई से बचते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नरसिंहपुर में शराब महंगी और नर्मदापुरम में अपेक्षाकृत सस्ती होने से इस अवैध कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने पुलिस और आबकारी विभाग से संयुक्त अभियान चलाकर मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह समाचार स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन दावों की पुष्टि संबंधित विभागों की जांच के बाद ही हो सकेगी।









