राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
जिले के किसानों ने विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर प्रशासन को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसानों ने उपार्जन केंद्रों पर पर्याप्त कांटे और हम्माल उपलब्ध कराने, गुणवत्ता के नाम पर हो रही परेशानियां बंद करने तथा सर्वर समस्या दूर कर समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके अलावा वेयरहाउस फुल होने पर वैकल्पिक व्यवस्था, ओटीपी के माध्यम से भुगतान, तौल और गुणवत्ता की नियमित जांच तथा स्लॉट बुकिंग की तारीख छूटने पर किसानों को पुनः अवसर देने की मांग की गई। किसानों ने खरीफ सीजन के लिए अग्रिम खाद भंडारण, समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी हेतु पंजीयन शुरू कराने और सिंचाई के लिए प्रतिदिन 10 घंटे नियमित बिजली उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। किसानों ने आरोप लगाया कि सैंपल के नाम पर अनाज की कटौती की जा रही है। मांगें 5 दिनों में पूरी नहीं होने पर भारतीय किसान संघ ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।










