राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
बनखेड़ी। जिले में लोक सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार लोक सेवा केंद्र बनखेड़ी के संचालक अंश स्टील फर्नीचर रीवा पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। यह कार्रवाई आरएफपी के प्रावधानों का पालन नहीं करने पर की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरएफपी के Annexure-6 Terms of Reference एवं Annexure-7 Service Performance Level and Penalty for LSK Operator के तहत केंद्र का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। जिला प्रबंधक लोक सेवा आनंद झैरवार द्वारा किए गए निरीक्षण में केंद्र में कई कमियां सामने आई थीं।
निरीक्षण के बाद संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद नियमानुसार 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अधिरोपित राशि संबंधित मद में जमा कर उसकी चालान प्रति 7 दिवस के भीतर जिला कार्यालय में प्रस्तुत की जाए। साथ ही संचालक को केंद्र संचालन में पाई गई कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में राशि जमा नहीं कराने अथवा भविष्य में पुनः अनियमितता पाए जाने पर लोक सेवा केंद्र बनखेड़ी की निविदा निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।










