राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत मंगलवार को सिविल अस्पताल पिपरिया में निशुल्क नेत्र रोग निदान एवं चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित शिविर में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से पहुंचे 190 लोगों की नेत्र जांच की गई। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. उदित भट्ट एवं शंकराचार्य नेत्र चिकित्सालय झोतेश्वर, नरसिंहपुर की टीम ने मरीजों का परीक्षण किया।
जांच के दौरान 12 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई, जबकि 110 लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। चश्मा वितरण कार्यक्रम में विधायक ठाकुरदास नागवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष नवनीत नीना नागपाल, जनपद अध्यक्ष संध्या सिंगारे, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष राजा भैया, प्रशांत रघुवंशी व बलराम ठाकुर, जिला भाजपा उपाध्यक्ष गोपाल दुदानी, पवन वालिया, वरिष्ठ भाजपा नेता नवनीत नागपाल, अरविंद राय, महिला मोर्चा अध्यक्ष ममता नागवंशी, पूर्व मंडी अध्यक्ष अरुणा जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार पटेल, वरिष्ठ नेत्र रोग एवं चिकित्सा सहायक श्याम सोडाणी, निलेश इवने, पूरनलाल मेहर, बीसीएम देवेंद्र राज एवं आयुष विभाग का विशेष सहयोग रहा।
निर्धारित समय से पहले समापन पर नागरिक नाराज
वहीं, शिविर के आयोजन को लेकर कुछ स्थानीय नागरिकों में नाराजगी भी देखने को मिली। नागरिकों का कहना था कि कार्यक्रम का निर्धारित समय शाम 4 बजे तक था, लेकिन इसे समय से पहले ही समाप्त कर दिया गया। इससे जांच एवं चश्मा वितरण की उम्मीद लेकर पहुंचे कुछ लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नागरिकों ने निर्धारित समय तक शिविर संचालित किए जाने की मांग की।










