राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया में एक इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर दुकान के बाहर हवाई फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार रात मुल्लाजी पेट्रोल पंप के सामने स्थित मंगलवार बाजार क्षेत्र की है। घटना के बाद व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
एसडीओपी मोहित कुमार यादव ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी सचिन जायसवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, कुछ दिन पहले उन्हें फोन कर ‘रज्जू पुरविया’ के नाम से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। व्यवसायी द्वारा रकम देने से इनकार करने पर दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और एक पर्ची देकर फिरौती की मांग दोहराई।
इसके बाद शुक्रवार रात दो बाइक सवार बदमाश दुकान के बाहर पहुंचे और सड़क पर पिस्तौल से हवाई फायरिंग कर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
व्यापारी संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश जारी है।
पिपरिया से इकपाल सिंह जुनेजा की रिपोर्ट










