
राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया, नर्मदापुरम। थाना स्टेशन रोड क्षेत्र के टावर मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय राजा कहार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने शराब सप्लाई करने का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की, जबरन वाहन में बैठाकर कार्यालय ले गए और जान से मारने की धमकी दी।
फरियादी के अनुसार, 18 जुलाई की शाम वह अपने घर आए मेहमानों के लिए शोभापुर कलारी से चार बोतल शराब खरीदकर मित्र गोलू धोबी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। हनुमान दादा की मढ़िया के पास एक बोलेरो वाहन ने उसका रास्ता रोक लिया। युवक का आरोप है कि वाहन से उतरे लोगों ने स्वयं को पिपरिया शराब ठेकेदार का कर्मचारी बताते हुए शराब सप्लाई करने का आरोप लगाया और उसके साथ मारपीट की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे, गाली-गलौज की, वीडियो बनाया और जबरन उसे साडिया रोड स्थित कार्यालय ले जाकर करीब दो से तीन घंटे तक रोककर रखा। युवक का कहना है कि विरोध करने पर उसे झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई।
बाद में उसे पिपरिया थाने ले जाया गया, जहां उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










