राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना स्टेशन रोड पुलिस ने स्कूल बसों की सघन जांच की। अभियान का नेतृत्व उपनिरीक्षक राजेंद्र कुशवाहा ने किया। उनके साथ सहायक उपनिरीक्षक रेखा मुनिया, प्रधान आरक्षक हरिओम, महिला प्रधान आरक्षक रीता शाह तथा आरक्षक प्रभाकर मौजूद रहे।
जांच के दौरान कुल 9 स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने बसों के दस्तावेज, सुरक्षा व्यवस्था, प्राथमिक उपचार सामग्री, अग्निशामक यंत्र सहित शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की। सभी बसें निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पाई गईं।
पुलिस टीम ने बस चालकों एवं परिचालकों को हमेशा निर्धारित वर्दी में रहने, यातायात नियमों का पालन करने तथा बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की समझाइश दी। पुलिस ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।










