राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया में शनिवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार चौराहा पर सांसद दर्शन सिंह चौधरी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नरसिंहपुर जिले के सालीचौका स्थित विनायक वेयरहाउस गेहूं उपार्जन केंद्र पर किसानों और सांसद के बीच हुई तीखी बहस के विरोध में किया गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पुतले की आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पुतले को घेरकर विरोध जारी रखा।
कांग्रेस नेता चिंकू साहू सोलंकी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता लगातार किसानों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही दवाई, बीज, पानी और फसल बिक्री जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऊपर से उनकी आवाज उठाने पर जनप्रतिनिधियों द्वारा अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और किसानों के सम्मान की मांग उठाई।










