राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
नर्मदापुरम स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पूर्व पचमढ़ी वन परिक्षेत्र के बीट पठार, कक्ष क्रमांक PF 250 में 1 मई 2026 की रात बाघ के शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। रात्रि का समय होने के कारण 2 मई को अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। दुर्गम खाई क्षेत्र में एक वयस्क नर बाघ मृत अवस्था में पाया गया। घटनास्थल के आसपास डॉग स्क्वाड द्वारा गहन जांच की गई, लेकिन किसी प्रकार के संदिग्ध साक्ष्य नहीं मिले। बाघ के सभी अंग सुरक्षित पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया मृत्यु प्राकृतिक प्रतीत हो रही है। क्षेत्र संचालक, सहायक संचालक पचमढ़ी एवं NTCA प्रतिनिधि की उपस्थिति में निर्धारित मानक प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की गई। पशु चिकित्सकों की टीम, जिसमें डॉ. गुरूदत्त शर्मा शामिल थे, द्वारा पोस्टमार्टम कर शव का नियमानुसार दाह संस्कार किया गया।










