राजेंद्र पटेल विशेष संवाद दाता
नर्मदापुरम जिले की सोहागपुर पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में ओडिशा निवासी आरोपी कान्हा पिता श्रीकांत नाग (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने उपभोक्ता फोरम में धान बिक्री संबंधी शिकायत के नाम पर फरियादी हरीश माहेश्वरी को फर्जी लिंक भेजकर उनके बैंक खाते से आईएमपीएस के जरिए 8.50 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। इस संबंध में थाना सोहागपुर में बीएनएस की धारा 318(4) एवं आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि ठगी की राशि पहले नेहा सिंह के खाते में गई, जिसमें से 4.50 लाख रुपये फरियादी को वापस दिलाए गए। शेष राशि में से 3.50 लाख रुपये आरोपी कान्हा नाग ने अपने बंधन बैंक खाते में ट्रांसफर कर एटीएम से निकाल लिए थे। पुलिस ने 30 मई 2026 को आरोपी को राउरकेला (ओडिशा) से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक साईकृष्णा एस. थोटा के निर्देशन में की गई।










