राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
उमरिया में आयोजित सुब्रतो कप फुटबॉल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता-2026 में विजेता बनकर लौटीं शासकीय सांदीपनि आर.एन.ए. उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिपरिया की छात्राओं का आज पिपरिया रेलवे स्टेशन पर संकल्प फाउंडेशन द्वारा पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
अमरकंटक एक्सप्रेस से पिपरिया पहुंचीं इन होनहार खिलाड़ियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारीयों एवं युवाओं के साथ साथ नागरिक, अभिभावक, शिक्षक एवं युवा उपस्थित रहे। रेलवे स्टेशन से विद्यालय तक खिलाड़ियों का खुले वाहन में विजय जुलूस भी निकाला गया, जिसका नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं तालियों के साथ स्वागत किया।
संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि इन बेटियों ने न केवल पिपरिया, बल्कि पूरे नर्मदापुरम संभाग का गौरव बढ़ाया है। सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
इस सफलता में ब्लॉक खेल समन्वयक श्री प्रीतम सिंह पुर्वीया, कोच श्री सचिन पुर्वीया, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ के मार्गदर्शन और अथक परिश्रम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
संकल्प फाउंडेशन ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगी।
स्वागत कार्यक्रम में संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष केसर सिंह चौधरी, लोटन सिंह रघुवंशी, प्रो. रेखा रानी राठौर, बलराम पाटर, श्यामलाल कहार, अनुराग मालपानी, जितेंद्र पुर्वीया, निरंजन वैष्णव सहित बड़ी संख्या में फाउंडेशन के सदस्य एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य संजीव दुबे, ब्लॉक खेल अधिकारी अरविंद शर्मा तथा खिलाड़ियों के अभिभावक भी विशेष रूप से मौजूद रहे।










