राजेंद्र पटेल
सोहागपुर थाना क्षेत्र के अजनेरी स्थित राजपूत ढाबा संचालक सचिन पूर्विया की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्ण एस. थोटा (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन तथा एसडीओपी संजू चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी विवेक पिता धनीराम गुर्जर (30), निवासी होलीपुरा, बुधनी जिला सीहोर को गिरफ्तार किया।
17 जून 2026 को दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने चरित्र शंका के चलते सचिन पूर्विया को बातचीत के बहाने ढाबे से मोटरसाइकिल पर ले जाकर ग्राम रानी पिपरिया के पास नहर पुलिया पर सिर में गोली मारकर हत्या करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।










