राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
नर्मदापुरम जिले में अवैध शराब के विक्रय और परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत जिलेभर में चलाए गए अभियान में पुलिस ने अब तक 18 प्रकरण दर्ज कर 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 38 लाख 47 हजार 790 रुपये मूल्य की 4,859 लीटर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई, वहीं 42 लाख 15 हजार रुपये कीमत के 9 चारपहिया और 5 दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए।
थाना इटारसी, बनखेड़ी, कोतवाली, केसला, पिपरिया, शिवपुर, सिवनी मालवा, पथरौटा और देहात थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। सबसे बड़ी जब्ती सिवनी मालवा थाना क्षेत्र में हुई, जहां 2,659 लीटर शराब बरामद की गई।
इसी दौरान कोतवाली पुलिस ने होटल और ढाबों की जांच में काकाश्री ढाबा और पहलवान ढाबा पर अवैध शराब बिक्री पाए जाने पर उनके लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए कार्रवाई शुरू की है। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के निर्देशन में अभियान लगातार जारी है।










