राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया में संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग भोपाल द्वारा आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह 2026” उत्साहपूर्वक संचालित किया जा रहा है। “खेलो, सीखो, आगे बढ़ो” थीम पर आयोजित यह शिविर सांदीपनि शासकीय आरएनए स्कूल एवं शासकीय कन्या विद्यालय पिपरिया में चल रहा है। शिविर में खिलाड़ी अनुशासन और ऊर्जा के साथ विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। नियमित अभ्यास से बच्चों में फिटनेस, आत्मविश्वास और एकाग्रता का विकास हो रहा है। रविवार सुबह फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत मॉर्निंग रन, योग, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं अन्य फिटनेस गतिविधियां कराई गईं। वहीं सायंकालीन सत्र में व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम के तहत कम्युनिकेशन स्किल, लीडरशिप, टीम वर्क और मोटिवेशनल सेशन आयोजित हुए। विकासखंड खेल प्रभारी अरविंद शर्मा, डॉ. शैलेंद्र मालविया, डॉ. अरुण मोहता सहित विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।










