राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया स्थित पूर्विया भवन में मां नर्मदा समाज सेवी संस्था मध्यप्रदेश की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के 16 जिलों से आए नर्मदा सेवी संस्थाओं के सैकड़ों भक्त एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रहित कार्यों पर चर्चा के साथ समाजसेवियों का सम्मान भी किया गया।
बैठक के मंच से राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ सहित उपस्थित सभी सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों ने महामहिम राज्यपाल महोदय द्वारा संकल्प फाउंडेशन के संस्थापक निरंजन वैष्णव को सम्मानित किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पिपरिया विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव का विषय बताया।
वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मान केवल निरंजन वैष्णव का व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि संपूर्ण संकल्प फाउंडेशन परिवार की सेवा भावना, समर्पण और सामाजिक कार्यों का सम्मान है। वर्षों से युवाओं के व्यक्तित्व विकास, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता एवं सेवा कार्यों में संकल्प फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उपस्थित समाजसेवियों ने कहा कि निरंजन वैष्णव का नेतृत्व और समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है। ऐसे सम्मानों से सामाजिक कार्यों में जुड़े युवाओं एवं संस्थाओं का उत्साहवर्धन होता है और समाजसेवा के प्रति नई ऊर्जा प्राप्त होती है।
बैठक में मां नर्मदा समाज सेवी संस्था मध्यप्रदेश एवं समस्त सामाजिक संगठनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए महामहिम राज्यपाल महोदय का भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिन्होंने सामाजिक कार्यों को सम्मान देकर समाजसेवियों का मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम का समापन “धरती मैया की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।










