राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया । अनंत चतुर्दशी के अवसर पर पिपरिया और बनखेड़ी क्षेत्र में 12 दिवसीय गणेश उत्सव का श्रद्धा और भक्ति के साथ समापन हुआ। शुक्रवार सुबह से ही नगर की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस शुरू हो गया। ढोल-नगाड़ों, डीजे की भक्तिमय धुनों और गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
भक्तों ने गुलाल उड़ाते हुए और नृत्य करते हुए भगवान श्री गणेश को भावभीनी विदाई दी। वहीं प्रतिमा विसर्जन के समय कई श्रद्धालुओं की आंखें नम भी नजर आईं। पिपरिया और बनखेड़ी क्षेत्र की प्रतिमाएं नर्मदा नदी एवं डोकरीखेड़ा डैम सहित निर्धारित विसर्जन स्थलों पर विधि-विधान से विसर्जित की गईं।
गणेश पंडालों में इस वर्ष धार्मिक झांकियों, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। भक्तों ने अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना करते हुए भगवान गणेश से सुख, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।










