राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया, नर्मदापुरम। उमंग दिवस के अवसर पर शासकीय सिविल अस्पताल पिपरिया के बीएमओ डॉ. राजकुमार पटेल के मार्गदर्शन में शासकीय सांदीपनि आर.एन.ए. उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया में उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत उमंग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उमंग काउंसलर सतीष वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य संजीव दुबे, उमंग प्रभारी श्रीमती प्रीति बाला शर्मा, सुरेश पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। इस वर्ष की थीम “उमंग है तो जिंदगी में रंग हैं, चुनौतियों से लड़कर सकारात्मकता से गढ़ेंगे भविष्य” रही।
उमंग काउंसलर सतीष वर्मा ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक परिवर्तनों की जानकारी देते हुए कहा कि इस दौरान किसी भी समस्या या तनाव को छिपाने के बजाय माता-पिता, शिक्षक, चिकित्सक या उमंग परामर्शदाता से खुलकर बात करनी चाहिए। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण बताते हुए बुलिंग और साइबर बुलिंग से बचने की सलाह दी तथा जरूरत पड़ने पर टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 से सहायता लेने की जानकारी दी।










