राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पचमढ़ी। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में आयोजित हाथी पुनर्योवनीकरण शिविर (Elephant Rejuvenation Camp) का रविवार, 20 सितंबर 2026 को गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य वन संरक्षक नर्मदापुरम, वनमंडल अधिकारी हरदा, उपसंचालक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व सहित अन्य वरिष्ठ वन अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में हाथियों के स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता और समग्र देखभाल से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विभागीय हाथियों के संरक्षण और प्रबंधन में महावतों एवं चाराकटरों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
वन्यजीव संरक्षण और हाथियों की उत्कृष्ट देखभाल में योगदान देने वाले महावतों एवं चाराकटरों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनकी जीवन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीमा भी कराया गया।
अधिकारियों ने हाथियों के वैज्ञानिक प्रबंधन, नियमित स्वास्थ्य निगरानी और गुणवत्तापूर्ण देखभाल को आगे भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। शिविर का समापन हाथियों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा और संरक्षण के संदेश के साथ हुआ।










