राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। न्यायालय परिसर में शनिवार को न्यायालय परिवार, अधिवक्ता परिवार और पुलिस परिवार के सदस्यों के लिए मेगा (वृहद) स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चला, जिसमें करीब 150 अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रक्तचाप, शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच की। साथ ही प्रतिभागियों को सीपीआर (हृदय पुनर्जीवन) और प्राथमिक उपचार की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई, ताकि आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जीवनशैली, हृदय रोगों की रोकथाम और प्राथमिक उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। शिविर में आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों ने शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया तथा आयोजन की सराहना की।










