राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
कांग्रेस नेता डॉ. विक्रम चौधरी ने पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, भोपाल में आउटसोर्स माध्यम से निकाली गई पंचकर्म सहायक एवं पंचकर्म चिकित्सक/थेरेपिस्ट भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार की नीति को युवा विरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि नियमित सरकारी भर्तियों में जहां अनुभव की अनिवार्यता नहीं होती, वहीं आउटसोर्स भर्ती में अनुभव की शर्त लगाकर बेरोजगार युवाओं के सामने अन्यायपूर्ण स्थिति पैदा की जा रही है।
डॉ. चौधरी ने कहा कि पहली नौकरी के बिना युवा अनुभव कहां से लाएंगे। इससे नए प्रशिक्षित और ग्रामीण पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों के अवसर सीमित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नियमित नौकरियों को खत्म कर आउटसोर्स व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने मांग की कि आउटसोर्स भर्ती में अनुभव की शर्त समाप्त की जाए, भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा हो तथा नियमित और पारदर्शी सरकारी भर्ती सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस ने ऐसे नियमों का विरोध करते हुए तत्काल निरस्तीकरण की मांग की है।










