राजेंद्र पटेल
नगर की समस्याओं और नगर पालिका की जल विरोधी कर प्रणाली को लेकर देने पहुंचे थे ज्ञापन, गुरुवार को फिर पहुंचेंगे कांग्रेसी
पिपरिया। नगर की समस्याओं और नगर पालिका की जल विरोधी कर प्रणाली के विरोध में बुधवार को नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ज्ञापन देने एसडीएम कार्यालय पहुंची। लेकिन एसडीएम आकिब खान के कार्यालय से मीटिंग के लिए रवाना हो जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हो गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने करीब एक घंटे तक धरना दिया।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष उदय सिंह राजपूत ने बताया कि ज्ञापन देने की पूर्व सूचना कार्यालय को दी गई थी। दोपहर 12 बजे जब कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में कार्यालय पहुंचे, तब एसडीएम वहां से निकल गए। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। इस दौरान तहसीलदार वैभव बैरागी और नायब तहसीलदार नीरज सिंह बेस ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन कांग्रेसियों ने उन्हें ज्ञापन देने से इनकार कर दिया। बाद में तहसीलदार ने एसडीएम से फोन पर चर्चा कर गुरुवार को ज्ञापन देने का समय निर्धारित कराया।










