राजेंद्र पटेल सहसंपादक
पिपरिया। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला खाद्य विभाग एवं पिपरिया राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम 4 बजे से शहर के विभिन्न मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान राजस्थान मिष्ठान भंडार के आजाद वार्ड स्थित गोदाम में भारी गंदगी पाए जाने पर खाद्य विभाग ने नोटिस जारी किया है।
खाद्य अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग के साथ कार्रवाई की गई। टीम ने पचमढ़ी रोड स्थित राजस्थान मिष्ठान भंडार, आजाद वार्ड स्थित राजस्थान मिष्ठान भंडार और बीकानेर मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर मावे एवं मिठाइयों के सैंपल लिए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की जांच कार्रवाई जारी रहेगी।










