राजेंद्र पटेल सहसंपादक
पिपरिया। ग्राम राजोला के ग्रामीणों एवं प्रभावित किसानों ने वर्षों पुराने परंपरागत कृषि रास्ते को बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी पिपरिया को सामूहिक शिकायत आवेदन सौंपा है। किसानों का आरोप है कि ग्राम राजोला से पोड़ी को जोड़ने वाले रास्ते पर विनोद पलिया द्वारा करीब 10 फीट ऊंची मिट्टी की मेड़ बनाकर आवागमन रोक दिया गया है। इससे ट्रैक्टर, ट्रॉली और हार्वेस्टर सहित कृषि वाहनों का खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
आवेदन में ग्रामीणों ने संबंधित व्यक्ति पर ग्रामवासियों एवं महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और कथित जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार 29 अक्टूबर को विवाद की स्थिति बनने पर बनखेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची थी। किसानों ने राजस्व विभाग से मौका निरीक्षण कर रास्ता खुलवाने, आरोपों की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि धान एवं गन्ने की फसल कटाई के समय रास्ता बंद रहने से आर्थिक नुकसान की आशंका है।










