राजेंद्र पटेल सहसंपादक
पिपरिया। संकल्प फाउंडेशन की युवा चेतना संवाद यात्रा मंगलवार को पिपरिया तहसील के वनांचल ग्राम चंदन पिपरिया (मटकुली) पहुंची। यहां आयोजित जागरूकता संवाद कार्यक्रम में युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, शिक्षा, चरित्र निर्माण और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, रोजगार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। संवाद के दौरान ग्रामीणों ने भी अपने विचार रखे और गांव को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार, शारीरिक फिटनेस और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया गया। संस्था के अनुसार युवा चेतना संवाद यात्रा अब तक करीब 30 गांवों तक पहुंच चुकी है। आगामी दिनों में भी ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में अभियान जारी रहेगा।










