राजेंद्र पटेल सहसंपादक
पिपरिया। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नर्मदापुरम के मार्गदर्शन में मंगलवार को सर्वोदय विद्यापीठ हायर सेकेंडरी स्कूल पिपरिया में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पिपरिया श्रीमती निशा रघुवंशी ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, निःशुल्क विधिक सहायता एवं बच्चों के विधिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल फोन का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति या परेशानी का सामना होने पर बच्चे बिना घबराए तत्काल अपने शिक्षक अथवा माता-पिता को इसकी जानकारी दें। शिविर का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कानूनी जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।










